प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना

*प्रिय तुम रामचरितमानस जरूर पढ़ना।।.....*.

जीवन के अनुबंधों की,
तिलांजलि संबंधों की,
 मन के टूटे हुए तारो की,
फिर से नई कड़ी गढ़ना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।।*

बेटी का धर्म निभाने को,
पत्नी का मर्म सिखाने को,
भाई का प्रेम बताने को,
हर पंक्ति ध्यान से तुम सुनना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।।*

लक्ष्मण से सेवा त्याग सीख,
श्री भरत से राज विराग सीख,
प्रभु का सबसे अनुराग सीख,
फिर माता सीता को गुनना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।।*

केवट की भक्ति भरी गगरी,
फल मीठे बेर लिए शबरी,
है धन्य अयोध्या की नगरी,
अवसादों में जब भी घिरना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।।*

न्याय नीति पर राम अड़े,
संग सखा वीर हनुमान खड़े,
पशु-पक्षी तक हैं युद्ध लड़े,
धन्य हुआ उनका तरना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।।*

जो राम नाम रघुराई  है,
जीवन की मूल दवाई है,
हर महामंत्र चौपाई है,
सियाराम नाम जपते रहना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।।*

जगती में मूल तत्व क्या है?
राम नाम का महत्व क्या है?
संघर्ष में राम रमत्व क्या है?
संकट में  तुम जब भी फंसना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।।*

हर समाधान मिल जाता है,
कोई प्रश्न ठहर नहीं  पाता है,
बस राम नाम ही  भाता है
श्री राम है वाणी का गहना,
*प्रिय तुम रामचरितमानस पढ़ना।*


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

तुलसी विवाह

किसान और टमाटर